194 देशों में 19 हजार 101 मौतें: ब्रिटेन में प्रिंस चार्ल्स संक्रमित, उनकी पत्नी कैमिला को भी आइसोलेट किया गया

दुनिया के 194 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। 18 हजार 905 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 28 हजार 271 संक्रमित हैं। 1 लाख 9 हजार 961 मरीज ठीक भी हुए। ब्रिटेन के क्लेरेंस हाउस (रॉयल रेसिडेंस) के मुताबिक, 71 साल के चार्ल्स प्रिंस कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद उनकी पत्नी कैमिला को भी आइसोलेट कर दिया गया है। ब्रिटेन में अब तक 422 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।


इटली में 24 घंटे में 743 लोगों की मौत हुई है। अब तक संक्रमण के 69,176 मामले सामने आए हैं, जबकि 6 हजार 820 लोग मारे जा चुके हैं। देश में लॉकडाउन 3 अप्रैल को खत्म हो रहा है। सरकार ने मंगलवार को कोरोनावायरस को लेकर लापरवाही बरतने वाले लोगों से सख्ती से निपटने के लिए नई एडवाइजरी जारी की।



  • कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति अगर घर में नहीं रहते हैं तो उन्हें पांच साल तक जेल की सजा हो सकती है।

  • होम क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर करीब 33 हजार रु. (400 यूरो) से दो लाख 47 हजार रु. (3,000 यूरो) तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

  • वायरस को फैलने से रोकने के लिए बनाए गए नियम तोड़ने वाले व्यवसायों को पांच से 30 दिनों तक के लिए बंद किया जा सकता है।

  • सरकार ने कहा कि 31 जुलाई तक हर महीने नियमों की समीक्षा की जाएगी और उन्हें सख्त बनाया जा सकता है।


ईरान में एक दिन में 143 लोगों की मौत


ईरान में एक दिन में 143 लोग मारे गए हैं। यहां अब तक 2,077 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27017 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि कोरोनावायरस से निपटने के लिए लोगों पर और सख्त पाबंदी लगाई जा सकती है। बुधवार शाम तक सरकार इसकी घोषणा कर सकती है। ईरान में अब तक लॉकडाउन नहीं लगाया गया था। लोगों से मौखिक रूप से अपील की गई थी कि वे घर में रहें।


अमेरिका में 18 से 19 मार्च के बीच संक्रमण में 51% की वृद्धि


सीएनएन के मुताबिक, अमेरिका में 4 मार्च से संक्रमण के मामले हर दिन 23% तक बढ़े हैं। वहीं, 18 से 19 मार्च तक 51% की वृद्धि हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि अमेरिका कोरोनोवायरस महामारी का केंद्र बन सकता है। उधर, प्रशांत महासागर में तैनात अमेरिकी जंगी जहाज यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट में तीन सैनिक पॉजिटिव मिले हैं। नेवी के कार्यवाहक सचिव थॉमस मूडली ने कहा कि तीनों संक्रमितों को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में आए अन्य सैनिकों को भी आइसोलेट किया गया है। इस जंगी जहाज में करीब पांच हजार नाविकों का दल है।


अमेरिकी सीनेट में 2 ट्रिलियन डॉलर का राहत पैकेज पास


कोरोनावायरस की वजह से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हो रहा है। इससे निपटने के लिए अमेरिकी सीनेट में बुधवार को 2 ट्रिलियन डॉलर का राहत पैकेज पास किया गया। उधर, जेनेवा में डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता मार्गरेट हैरिस ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। यहां बुधवार सुबह तक 54 हजार 808 लोग संक्रमित हुए हैं। यहां अब तक 784 लोगों की जान गई है।



न्यूयॉर्क में जेएफके एयरपोर्ट।


बुधवार आधी रात से न्यूजीलैंड में आपातकाल


प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने बुधवार को कहा कि पूरे देश में चार हफ्ते के लिए राष्ट्रीय आपातकाल लगाया जाएगा। यहां संक्रमण का आंकड़ा 205 ज्यादा हो गया है। देश में बुधवार को 50 नए मामले सामने आए। न्यूजीलैंड के इतिहास में दूसरी बार आपातकाल लगाया गया है। 23 फरवरी 2011 को पहली बार देश में आपातकाल लगाया गया था। उस समय भूकंप में लगभग 200 लोग मारे गए थे।



न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में एक डिपार्टमेंट स्टोर में जाने के लिए लाइन में लगे लोग।


द. कोरिया में अब तक 126 लोगों की मौत हुई


कोरिया सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, दक्षिण कोरिया में बुधवार को संक्रमण के 100 नए मामले सामने आए। देश में अब 9 हजार 137 लोग संक्रमित हैं। वहीं, 126 लोगों की मौत हो चुकी है।



द.कोरिया के डाएगू अस्पताल में ड्यूटी के लिए जाते चिकित्सक।


थाईलैंड में 107 नए मामलों की पुष्टि


थाईलैड के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि देश में संक्रमण के 107 नए मामलों की पुष्टि हुई है। अब यहां संक्रमितों की संख्या 934 हो गई थी। यहां चार मौतें दर्ज की गई हैं। जबकि 70 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 860 मरीजों का अभी भी इलाज चल रहा है।



थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में बस स्टॉप पर बस का इंतजार करते लोग।


भारत में 21 दिन तक लॉकडाउन


भारत में मंगलवार आधी रात से लॉकडाउन लागू कर दिया गया। देश के 1.3 अरब लोग अपने घरों में 21 दिन तक नजरबंद रहेंगे। इस दौरान जरूरी चीजों जैसे सब्जी, दूध और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। यहां अब तक संक्रमण के 594 मामले हो चुके हैं, जबकि 11 लोगों की मौत हो गई है।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश को संबोधित किया।


स्पेन में 11 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है


स्पेन इटली के बाद यूरोप में दूसरा महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। यहां एक दिन में 514 लोग मारे गए, जबकि 6 हजार 600 लोग संक्रमित हुए हैं। स्पेन में लॉकडाउन 11 अप्रैल तक बढ़ाया जा सकता है। 14 मार्च को देश में 15 दिन तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई थी। यहां अब तक 42 हजार 58 लोग संक्रमित हुए हैं और 2 हजार 991 लोगों की जान गई है।



बार्सिलोना में लोगों ने डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों का ताली बजाकर आभार जताया।


फ्रांस में एक दिन में 240 लोगों की मौत


फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि देश में एक दिन में 240 लोग मारे गए हैं। अब तक कुल 1100 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 22 हजार 304 लोग संक्रमित हुए हैं। इटली और स्पेन के बाद फ्रांस यूरोप में तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है।



इटली, चीन, स्पेन और ईरान के बाद फ्रांस पांचवा देश है, जहां 1 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।